एक्सप्रेसवे पर ट्रक के नीचे दबी कार, मां-बेटा व बहू की गई जान, राहत दल ने बच्चे को बचाया
मोहब्बेवाला के पास हुआ हादसा, एसडीआरएफ की टीम ने चलाया राहत अभियान, कार चालक की भी मौत, भीड़ जुटने व राहत-बचाव कार्य के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लगीं लंबी कतारें
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 4 नवंबर 2026:
उत्तराखंड में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला के पास बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सहारनपुर की ओर से आ रहा यूरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के नीचे आने से कार दब गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों सहित चार की मौत हो गई। मृतकों में मां, बेटा, बहू और कार चालक शामिल हैं।

कटर की मदद से कार को काटा
हादसे की सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार ट्रक के नीचे बुरी तरह दबकर पिचक गई थी। बचाव दल ने कटर की मदद से कार के हिस्सों को काटकर राहत अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इस दौरान छह वर्षीय बच्चे माहेर को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन अन्य चार लोगों को नहीं बचाया जा सका।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 63 वर्षीय किरण कपूर, उनके 38 वर्षीय बेटे मिश्रेष कपूर, 38 वर्षीय बहू निशा आनंद कपूर और चालक नीरज के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था और देहरादून में भी उसका घर है।
एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था चरमराई
हादसे के बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दुर्घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटने और राहत-बचाव कार्य के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर यातायात नियंत्रित करने के साथ बचाव अभियान को पूरा कराने का प्रयास किया। मोहब्बेवाला क्षेत्र में भारी वाहनों से होने वालीं दुर्घटनाएं लगातार चिंता का विषय रही हैं। इससे पहले भी यहां ट्रकों के पलटने और कई वाहनों को टक्कर मारने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।






