अयोध्या में दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी पर सजावट पूरी, 35 हजार वॉलिंटियर ने संभाली जिम्मेदारी
Ayodhya Deepotsav 2026 : 30 लाख दीपों से जगमग होगा पर्व, 7 नवंबर को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे दीपोत्सव में शिरकत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी रहेंगी मौजूद
अनिल निषाद
लखनऊ/अयोध्या, 6 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव की तैयारियां पूरी होने के करीब हैं। राम की पैड़ी पर 30 लाख से अधिक दीप सजाए जा चुके हैं। घाटों पर दीपों को तय डिजाइन में लगाने के लिए 35 हजार से ज्यादा वॉलिंटियर ने दिन-रात काम किया है। अब इन दीपों की गिनती की जाएगी। इसके बाद उनमें तेल भरने के साथ बातियां लगाने का काम शुरू होगा।
गिनती के बाद तेल-बाती डालने की तैयारी
राम की पैड़ी पर दीपों की सजावट पूरी होने के बाद अब उनकी संख्या का मिलान किया जाएगा। 7 नवंबर की सुबह से स्वयंसेवकों की टीमें दीपों में तेल डालने के साथ बातियां लगाने का काम संभालेंगी। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम को एक साथ दीप जलाए जाएंगे। इससे राम की पैड़ी समेत सरयू तट के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगे।
रामकथा पार्क से शुरू होगा मुख्य समारोह
दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम रामकथा पार्क में आयोजित होगा। यहां भगवान राम के अयोध्या लौटने के प्रसंग के साथ उनका राज्याभिषेक कराया जाएगा। इसके बाद सरयू तट पर महाआरती होगी। धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। शाम को दीप प्रज्ज्वलन के साथ अयोध्या के घाटों पर भव्य रोशनी देखने को मिलेगी।
उपराष्ट्रपति समेत कई देशों के राजदूत पहुंचेंगे
दसवें दीपोत्सव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, अलग-अलग देशों के राजदूत समेत कई खास मेहमान भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आयोजन में मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने अतिथियों के स्वागत से लेकर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं तक तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
रामनगरी तैयार है… अब बस कल का इंतजार है!
दीपों की सजावट, रंगों की छटा, आकर्षक रोशनी और रामायण के प्रसंगों से सजी अयोध्या दसवें दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए तैयार है। 7 नवम्बर को रामनगरी में गूंजेगा जय श्रीराम का जयघोष और दीपों की जगमगाहट से सजेगी अयोध्या की हर राह।
तो आप भी आइए, इस ऐतिहासिक उत्सव के साक्षी बनिए और अयोध्या के दीपोत्सव के यादगार अनुभव अपने साथ ले जाइए!
#Deepotsav2026 #Ayodhya #UPTourism
@narendramodi @myogiadityanath @gssjodhpur @jaiveersingh099 @ASIGoI @UNESCO @amritabhijatias @UPGov @MinOfCultureGoI @tourismgoi @incredibleindia @CMOfficeUP @MEAIndia
— UP Tourism (@uptourismgov) November 6, 2026
पर्यटन विभाग ने भी दिया अयोध्या आने का न्योता
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए लोगों को दीपोत्सव में शामिल होने का न्योता दिया है। विभाग की पोस्ट में कहा गया है कि रामनगरी तैयार है और अब कल का इंतजार है। पोस्ट में दीपों की सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक लाइटिंग के साथ रामायण के प्रसंगों से सजी अयोध्या का जिक्र किया गया है। विभाग ने लोगों से 7 नवंबर को अयोध्या पहुंचकर इस आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।






