लखनऊ, 25 अप्रैल 2026:
यूपी इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। हालात लगातार विकराल होते जा रहे हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। पिछले 24 घंटे में प्रयागराज देश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.2°C दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी, हमीरपुर और आगरा में भी पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रदेश के 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ समेत ज्यादातर इलाके तेज धूप और गर्म हवाओं की चपेट में हैं। शनिवार सुबह से ही चटक धूप ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। लखनऊ में सुबह 8 बजे ही तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक जाने का अनुमान है। गर्म हवा के थपेड़ों ने हालात ऐसे बना दिए कि दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले वे सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लिए नजर आए।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 45 जिलों में लू की चेतावनी जारी है जबकि पश्चिमी यूपी के 21 जिलों में ‘वार्म नाइट’ की स्थिति बनने की आशंका है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाएंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।

इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने और लू से राहत मिलने की उम्मीद है। भीषण गर्मी को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों में धूप में होने वाली सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। प्रार्थना सभाएं अब छायादार स्थानों या कक्षाओं में कराई जाएंगी और आउटडोर गतिविधियां सुबह 9 बजे तक ही सीमित रहेंगी।
बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल, छाया, पंखे और फर्स्ट-एड की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने निर्देश दिए हैं कि फर्स्ट-एड किट में ओआरएस और जरूरी दवाएं उपलब्ध हों। साथ ही बच्चों को समय-समय पर पानी पीने, जंक फूड से बचने और लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी शिक्षकों को सौंपी गई है। गर्मी के इस कहर के बीच अब सबकी नजर 26 अप्रैल से मिलने वाली संभावित राहत पर टिकी है।






