अनिल निषाद
अयोध्या, 27 अप्रैल 2026:
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सोमवार को ‘जन आक्रोश महिला पद सम्मेलन’ में शामिल होने पहुंचे, जहां उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। सहादतगंज स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान शाही ने कहा कि संसद में नारी वंदन अधिनियम के खिलाफ वोट देकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके ने महिलाओं के भरोसे को ठेस पहुंचाई है।
उन्होंने कहा कि 2026 की जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन के आधार पर 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने का रास्ता बन सकता था, लेकिन विपक्ष ने इसमें अड़ंगा डालने की कोशिश की। शाही के मुताबिक, इस मुद्दे को लेकर महिलाओं में नाराजगी है और कई जगह विरोध भी देखने को मिल रहा है। जनता बाघ की खाल ओढ़े सियारों को पहचान चुकी है।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि संसद में धार्मिक और सांप्रदायिक आधार पर आरक्षण की बात उठाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। इसी दौरान उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीडीए जैसे नारे चुनाव के वक्त तक ही सीमित रहते हैं, बाद में दल बिखर जाते हैं। उनका कहना था कि अब जनता इन रणनीतियों को समझ चुकी है।
शाही ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को लेकर कई कदम उठाए गए हैं, जिनका असर अलग-अलग स्तर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि महिला आरक्षण जैसे मुद्दे पर उनका रुख उनकी सोच को दिखाता है। सरकार की तरफ से महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में आगे लाने की दिशा में काम जारी है।






