Ayodhya

अयोध्या: और संवरेगा रामपथ… श्रीरामजन्मभूमि तक बनेगा नो वेंडिंग जोन

नगर निगम की बैठक में लिया गया निर्णय, रामपथ के अहम हिस्से से पटरी दुकानों को हटाने की तैयारी, पहले होगा सर्वे, डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने में लापरवाही पर कार्रवाई का फैसला, नगर निगम की दुकानों के किराये के पुनर्मूल्यांकन, नई दुकानों के निर्माण और मियावाकी पद्धति से हरियाली बढ़ाने के प्रस्ताव भी पास

अनिल निषाद

अयोध्या, 2 जून 2026:

रामपथ पर पोस्ट ऑफिस से श्रीरामजन्मभूमि तक का क्षेत्र जल्द ही नो वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा। इससे पहले इस इलाके में पटरी पर दुकान लगाने वालों का सर्वे कराया जाएगा। यह फैसला मंगलवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की, जबकि नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

बैठक में धर्मपथ, सूर्यकुंड समेत कुछ चुनिंदा स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी ने नाका आबकारी भवन के सामने हनुमान मंदिर के पास संचालित मांस की दुकान को हटाने के निर्देश भी दिए।

नगर निगम की दुकानों के किराये का पुनर्मूल्यांकन कराने के साथ 50 नई दुकानों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का फैसला किया गया। लता चौक के पास 15 नई दुकानों के निर्माण पर भी सहमति बनी। निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में पीडब्ल्यूडी के नियम लागू किए जाएंगे।

जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि बीते रविवार को चलाए गए एक रविवार, हर परिवार, करे गंदगी पर प्रहार अभियान की सफलता पर कार्यकारिणी ने महापौर और नगर निगम की टीम को बधाई दी। सफाई कर्मियों की अनियमितता दूर करने के लिए री-शेड्यूलिंग की व्यवस्था लागू करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में बताया गया कि कूड़ा निस्तारण के लिए फिलहाल छह एमआरएफ सेंटर संचालित हैं। पिरखौली में बने एमआरएफ सेंटर को भी जल्द शुरू करने का प्रस्ताव पारित किया गया। सफाई कार्यों से जुड़ी संस्थाओं के बिल भुगतान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया गया। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह करने वाली एक संस्था के काम को असंतोषजनक मानते हुए उसके खिलाफ भी कार्रवाई का निर्णय हुआ।

विस्तारीकरण क्षेत्र में नगर निगम को मिली नवीन परती, बंजर, ग्राम समाज समेत अन्य श्रेणी की जमीनों की पैमाइश कर बैरिकेडिंग कराने पर सहमति बनी। शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए 500 वर्ग मीटर से कम, 500 वर्ग मीटर से अधिक और एक एकड़ से ज्यादा भूमि की तीन श्रेणियां तय कर मियावाकी पद्धति से सघन पौधारोपण कराया जाएगा। तालाबों के जीर्णोद्धार की योजना तैयार करने का प्रस्ताव भी बैठक में पारित हुआ।

बैठक में कार्यकारिणी उपसभापति संतोष सिंह, कार्यकारिणी सदस्य विशाल पाल, चंदन सिंह, आभा पांडेय, गायत्री देवी, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, रमाशंकर निषाद, विकास कुमार, मनीषा यादव, जगत नारायण यादव, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, एमटीएस जयप्रकाश और सहायक अभियंता राजपति यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button