टिहरी गढ़वाल, 5 जून 2026:
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने दो दिवसीय टिहरी दौरे के दूसरे दिन बौराड़ी क्षेत्र में शिक्षा, पोषण, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र में मुख्य सचिव ने बच्चों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री और पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित कीं और बच्चों का वजन भी कराया। एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से बच्चों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की निगरानी करें तथा जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच बनाएं।
इसके बाद उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। मध्यान्ह भोजन योजना, बच्चों की उपस्थिति, फर्नीचर और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा जरूरी है।

श्रीदेव सुमन पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने पुस्तकों, अभिलेखों और दुर्लभ पांडुलिपियों के रखरखाव की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि यह पुस्तकालय पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया था। यहां राजशाही काल से लेकर समकालीन विषयों तक की बड़ी संख्या में पुस्तकें मौजूद हैं, जिनका लाभ शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मिल रहा है।
बौराड़ी स्टेडियम में मुख्य सचिव ने प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर मुख्य सचिव, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






