Gorakhpur

बैंक से कर्ज लेकर दी मोटी रकम… न जमीन मिली न पैसा, रेलकर्मियों से ठगी का केस दर्ज

जमीन दिलाने का भरोसा देकर चार रेल कर्मचारियों से लाखों रुपये लिए गए, दो लोगों के नाम रजिस्ट्री होने के बाद भी आने-जाने का रास्ता नहीं मिला, जबकि दो अन्य को न जमीन मिली और न रकम वापस हुई

गोरखपुर, 7 जून 2026:

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर रेलवे के चार कर्मचारियों से 17.22 लाख रुपये की ठगी की गई। शिकायत के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक बिहार के बेगूसराय निवासी अमित कुमार, गोपालगंज निवासी कुंदन कुमार, अमित कुमार और बरौनी निवासी अगम कुमार रेलवे कर्मचारी हैं। उनका कहना है कि रेलवे कारखाना गोरखपुर में तैनाती के दौरान उनकी पहचान बशारतपुर के ओमनगर निवासी मिथिलेश्वर कुमार से हुई थी।

आरोप है कि मिथिलेश्वर कुमार ने अपने रिश्तेदार चंद्रिका प्रसाद साहनी उर्फ चंदू साहनी के जरिए जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद चारों कर्मचारियों ने बैंक से ऋण लिया और कुछ रकम ब्याज पर जुटाकर आरोपियों के खाते में भेज दी। पीड़ितों के मुताबिक दो कर्मचारियों के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराई गई, लेकिन उस जमीन तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता उपलब्ध नहीं कराया गया। वहीं दो अन्य कर्मचारियों से भी जमीन के नाम पर रुपये लिए गए, मगर उन्हें न जमीन मिली और न कोई दूसरी व्यवस्था की गई।

शिकायत में कहा गया है कि जमीन दिलाने के नाम पर कुल 22.12 लाख रुपये लिए गए थे। बाद में आरोपियों ने सिर्फ 4.90 लाख रुपये वापस किए। बाकी 17.22 लाख रुपये मांगने पर लगातार टालमटोल की जाती रही।

पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि रकम वापस मांगने पर उनसे गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की गई।

जांच के बाद एसएसपी के निर्देश पर गुलरिहा पुलिस ने चंद्रिका प्रसाद साहनी उर्फ चंदू साहनी और मिथिलेश्वर कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button