विकास गोंड
वाराणसी, 7 जून 2026ः
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले रविवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा विवाद पर केंद्र सरकार का बचाव किया और अपनी सफाई दी।
केंद्रीय मंत्री ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी संविधान की बात तो करते हैं, लेकिन उन्हें संविधान की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार मजबूत हो रहा है और भाजपा आज भी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है।
रामदास अठावले ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान बदलने के नाम पर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की, जिससे उसे कुछ राजनीतिक लाभ जरूर मिला, लेकिन पार्टी आज भी सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान, गरीब, महिला और युवाओं के हितों के लिए काम कर रहे हैं और जनता का उन पर पूरा भरोसा है।
नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उचित नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही सही समाधान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत की राजनीति केवल किसी एक समुदाय के वोटों पर नहीं चलती और प्रधानमंत्री बनने के लिए व्यापक जनसमर्थन जरूरी होता है। उन्होंने दोहराया कि सरकार पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मामलों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।






