Varanasi

एके शर्मा ने जाना पीएम सूर्य घर योजना का हाल, कहा…बैंकर्स व वेंडर्स तालमेल से करें काम

योजना के तहत ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को आसान बनाने पर रहा जोर, प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना तेज करने और पहले से लगे मीटरों का कॉन्फिगरेशन जल्द पूरा करने को कहा, सोलर दीदी को प्रमाण-पत्र भी वितरित

विकास गोंड

वाराणसी, 6 जून 2026:

पीएम सूर्य घर योजना के असरदार क्रियान्वयन और मौजूदा प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में बैठक हुई। बैठक में ऊर्जा व नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने योजना को गति देने के लिए बैंकर व वेंडर को तालमेल से काम करने की हिदायत दी। इस दौरान सोलर दीदी को नियुक्ति पत्र भी दिए गए।

बैठक में यूपीनेडा के निदेशक रविंदर सिंह ने योजना की प्रगति, अब तक की उपलब्धियों और आगे की कार्ययोजना का ब्यौरा रखा। इस दौरान वाराणसी में काम कर रहे वेंडरों से भी योजना की जमीनी स्थिति और उनके सामने आने वाली दिक्कतों की जानकारी ली गई। वेंडरों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:

मंत्री ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना में तेजी लाई जाए। जिन स्थानों पर पहले से मीटर लगाए जा चुके हैं, उनका कॉन्फिगरेशन भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में बैंकों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि आवेदकों से केवल जरूरी दस्तावेज लिए जाएं और तय समय सीमा के भीतर ऋण स्वीकृत किया जाए। बिना उचित वजह किसी पात्र आवेदक का आवेदन निरस्त न किया जाए।

AK Sharma Reviews PM Surya Ghar Yojana Progress (1)

समीक्षा के दौरान यूपीनेडा के प्रदर्शन का भी जिक्र हुआ। अप्रैल और मई महीने में सौर ऊर्जा स्थापना के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष श्रेणी में स्थान हासिल करने पर मंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय वेंडरों, उपभोक्ताओं, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साझा प्रयासों को दिया।

मंत्री ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत उत्तर प्रदेश को देश में पहले स्थान पर पहुंचाने के लक्ष्य के साथ सभी विभागों और संस्थाओं को पूरी गंभीरता से काम करना होगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा परिवार सौर ऊर्जा से जुड़ सकें। बैठक के दौरान सोलर दीदी को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी, निदेशक यूपीनेडा, नगर आयुक्त वाराणसी, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, मुख्य प्रबंधक आरईसीएल, यूपीनेडा के प्रशासनिक अधिकारी, परियोजना अधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  वेंडिंग जोन हटने से वाराणसी में रोज़गार पर चोट... ठेला-पटरी कारोबारियों का विरोध तेज

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button