Unnao City

जमीन के टुकड़े पर घर में बहाया खून… बेटे ने गड़ासे से ली पिता की जान, तीन टीमें तलाश में जुटीं

कर्ज चुकाने के लिए जमीन बेचना चाहते थे पिता, खफा बड़े बेटे से महीनों से चल रहा था विवाद, रात में कहासुनी के बाद हुई वारदात

प्रमोद पासी

उन्नाव, 1 मई 2026:

सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बगहा मुस्तफाबाद गांव में जमीन को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनखराबे में बदल गया। बेटे ने अपने ही पिता की गर्दन पर गड़ासे से वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

गांव निवासी गंगाप्रसाद खेती करते थे। उन पर सोसायटी का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए वह अपनी पुश्तैनी जमीन का एक हिस्सा बेचना चाहते थे। परिवार के तीन बेटे इस फैसले के साथ थे, लेकिन बड़ा बेटा धर्मेंद्र लगातार विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। बेटे धर्मेंद्र का तर्क था कि जमीन बिकी तो उसके बच्चों का क्या होगा।

WhatsApp Image 2026-05-01 at 5.43.47 PM

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात खाना खाने के बाद पिता और बेटे के बीच फिर से जमीन को लेकर बहस शुरू हुई। विवाद बढ़ा तो गुस्से में धर्मेंद्र ने घर में रखा गड़ासा उठा लिया और पिता की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गर्दन की नस कटने से गंगाप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। खून से सना गड़ासा बरामद कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर धर्मेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गांव में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button