Uttar Pradesh

आगरा-जालौन को 1,616 करोड़ की सौगात, योगी बोले- छात्रों के भविष्य से खेलने वालों की जब्त होगी संपत्ति

आगरा में 342 करोड़ से ज्यादा की 53 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, जालौन में 1,273.96 करोड़ की परियोजनाओं को मिली रफ्तार, बुंदेलखंड में Industrial Township और Defense Corridor का जिक्र

आगरा/जालौन, 25 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आगरा और जालौन में 1,616 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने आगरा व जालौन के विकास की बदली तस्वीर का जिक्र करते हुए अतीत की सरकारों पर हमला बोला। उन्होने नीट पेपर लीक आंदोलन का जिक्र किये बिना कहा कि डबल इंजन सरकार में कोई भी छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं कर सकता। ऐसा करने वालों की संपत्ति तक जब्त कर ली जाएगी।

सेफ व स्मार्ट सिटी बनने की राह पर है आगरा, जल्द बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

सीएम ने आगरा में 342 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली 53 वहीं जालौन में 1,273.96 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इस दौरान अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबी, किट, चेक, आयुष्मान कार्ड और स्वीकृति पत्र भी बांटे गए। मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा आगरा ने जो सोचा था उसे डबल इंजन सरकार ने लाकर दे दिया। आगरा अब सेफ व स्मार्ट सिटी बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। अभी कुछ दिन पूर्व उच्चतम न्यायालय ने 468 उद्योगों से जुड़ी लंबित एनओसी को हरी झंडी दे दी। आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर मिला और इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी बनेगा। बेहतर रोड कनेक्टिविटी मिली। टाउनशिप, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, ओडीओपी, ओडीओसी आदि योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सपा यहां विदेशी आक्रांता के नाम पर म्यूजियम बनाना चाहते थे लेकिन हमने कहा कि नहीं यहां छत्रपति शिवाजी के नाम से स्मारक बनेगा।

ये भी पढ़ें:

बुंदेलखंड की पुरानी तस्वीर का किया जिक्र

योगी ने कहा कि बुंदेलखंड की पहचान लंबे समय तक सूखा, गरीबी और पलायन से जुड़ी रही। जालौन व आगरा कभी आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल थे। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में योजनाओं का फायदा लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंचता था। आज बुंदेलखंड में सड़क, उद्योग, रोजगार और कनेक्टिविटी से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं।

डकैतों के डर से विकास के रास्ते तक

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय बुंदेलखंड में शाम होते ही लोगों की आवाजाही कम हो जाती थी और डकैतों का डर बना रहता था। अब कानून व्यवस्था मजबूत होने से हालात बदले हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, फोर लेन सड़कें और बेहतर कनेक्टिविटी ने इलाके को नए रास्ते दिए हैं। सरकार अब इस क्षेत्र को Industry और Investment के बड़े केंद्र के तौर पर विकसित करने पर जोर दे रही है।

56 हजार एकड़ में Industrial Township की तैयारी

योगी ने कहा कि बुंदेलखंड में करीब 56 हजार एकड़ क्षेत्र में देश का बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इसमें जालौन की कनेक्टिविटी अहम होगी। झांसी लिंक एक्सप्रेसवे, Defense Corridor, Future Ready Industrial Township और Data Center Cluster जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके बनेंगे।

CM Yogi Announces ₹1,616 Cr Projects for Development (1)

कालपी के कागज को ग्लोबल पहचान

मुख्यमंत्री ने कालपी के हस्तनिर्मित कागज का जिक्र करते हुए कहा कि GI Tag मिलने के बाद इसकी पहचान देश से बाहर भी बढ़ी है। कालपी का Hand Made Paper ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका, जर्मनी और जापान तक पहुंच रहा है। उन्होंने जिले में विकसित किए गए करीब 400 अमृत सरोवरों का भी जिक्र किया और इसे जल संरक्षण की दिशा में अहम कदम बताया।

यूपी में 600 करोड़ की संपत्ति जब्त हो चुकी, नकल माफियाओं का भी यही हाल होगा

योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने संगठित अपराध और माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है। उनके मुताबिक अब तक 600 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल माफिया युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते हैं, इसलिए उनके खिलाफ कड़ा कानून लाया जा रहा है। ऐसे मामलों में 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और नकल के जरिए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति पर भी कार्रवाई होगी।

भर्ती व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर निशाना

योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार में सरकारी नौकरी की भर्ती निकलते ही वसूली का खेल शुरू हो जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी योग्यता के बजाय भ्रष्टाचार से तय होती थी। अब भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई गई है और युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर होने से बेटियों और व्यापारियों के बीच सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बेटी की सुरक्षा या व्यापारी के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार का मकसद ऐसा माहौल बनाना है, जिसमें लोग बिना डर के कारोबार कर सकें और बेटियां सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकें।

Direct Benefit Transfer से योजनाओं का पैसा

योगी ने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का पैसा बिचौलियों के जरिए बीच में ही अटक जाता था। अब Digital India और Direct Benefit Transfer के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में रकम सीधे पहुंच रही है। वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन समेत कई योजनाओं का पैसा सीधे खातों में भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड में Defense Corridor, Industrial Township, Data Center Cluster, Solar Expressway और Renewable Energy Projects का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जालौन की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

ये भी पढ़ें  धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मायावती की दो टूक, छात्रों पर लाठियां चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर हो कार्रवाई

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button