हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 27 अप्रैल 2026:
गोला थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा ट्रॉली में फंस गया और बुरी तरह टूट गया।
घटना रामजानकी मार्ग पर भर्रोह के पास रात करीब 11.30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में सरकारी गेहूं लदा था और वह सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बड़हलगंज से गोला की तरफ आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के बाद गेहूं के बोरे सड़क पर बिखर गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आगे की सीट पर बैठे दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पीछे बैठे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कोहड़ी बुजुर्ग गांव निवासी कुणाल यादव (20), अमन उर्फ अजय यादव (21) और अंकुर उर्फ प्रसून यादव (22) के रूप में हुई है। तीनों रविवार शाम करीब 6 बजे एक साथ घर से निकले थे और देर रात लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, कुणाल व अमन की मौके पर ही मौत हो गई थी। पीछे बैठे अंकुर को एक निजी अस्पताल से हालत बिगड़ने पर एम्स गोरखपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को निकालने के लिए जेसीबी बुलानी पड़ी। तीनों मृतक आपस में दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। कुणाल इंटर का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था। अमन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था, जबकि अंकुर दो भाइयों में छोटा था। घटना के बाद परिवार रो-रोकर बेहाल है वहीं गांव में सन्नाटा पसरा है।






