Uttarakhand

राजस्थान के दो कुख्यात बदमाश दबोचे, एक के पैर में लगी गोली, तीन साथी जंगल के रास्ते फरार

पकड़े गए बदमाश राजस्थान के, स्विफ्ट कार छोड़कर नदी के रास्ते फरार होने की कोशिश में थे दोनों, दर्ज हैं हत्या व लूट जैसे गंभीर मामले

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 4 जून 2026:

देहरादून पुलिस और बदमाशों के बीच गुरुवार तड़के शिमला बाईपास के नयागांव क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। पटेल नगर थाना पुलिस की चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाश बैरियर तोड़कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया और कुछ दूरी पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के मुताबिक चांदनी चौक, भुड़पुर होते हुए रामगढ़ के रपटे के पास बदमाशों ने कार छोड़ दी और नदी की ओर भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने दबोच लिया। मौके से दो देशी तमंचे, कारतूस और स्विफ्ट कार बरामद की गई।

ये भी पढ़ें:

घायल बदमाश को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू मीणा (30) निवासी दौसा और विनोद कुमार मीणा (32) निवासी करौली, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों पर राजस्थान में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

पुलिस ने बताया कि फरार तीन बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं का संकट : बारिश में जान हथेली पर रखकर नदी पार करते ग्रामीण

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button