वाराणसी, 19 जुलाई 2026:
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने वाराणसी के मंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इमरजेंसी से लेकर अलग-अलग वार्डों तक पहुंचकर उन्होंने मरीजों से सीधे इलाज, दवा और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एक महिला मरीज के बेड पर गंदी चादर देखकर वह नाराज हो गए। उन्होंने महिला के सामने हाथ जोड़कर कहा कि यह अधिकारियों की लापरवाही है और तुरंत चादर बदलवाई।
महिला मरीज से कहा, लापरवाही अफसरों की है
वार्ड नंबर-2 में भर्ती महिला मरीज के बेड पर गंदी चादर देखकर डिप्टी सीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने महिला से हाथ जोड़कर कहा कि यह विभागीय लापरवाही है और इसे तुरंत ठीक कराया जाएगा। उनके निर्देश पर वहीं नई चादर बिछाई गई। साथ ही जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

एसआईसी को कहा, घबराने की जरूरत नहीं
निरीक्षण के दौरान जब डिप्टी सीएम एसआईसी कक्ष पहुंचे तो वहां अधिकारी हाथ जोड़कर खड़े मिले। इस पर उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, सभी लोग एक ही परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उनका मकसद व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है, न कि किसी को डराना।
लैब की जानकारी नहीं दे सके सीएमओ
अस्पताल में Integrated Public Health Lab (IPHL) को लेकर डिप्टी सीएम ने सीएमओ से जानकारी मांगी, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर उन्होंने अपर निदेशक को तत्काल लैब का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
मरीजों से पूछा, इलाज और दवा समय पर मिल रही या नहीं
ब्रजेश पाठक ने इमरजेंसी और अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज, जांच और दवा की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से कहा कि अस्पताल में सभी जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। अगर किसी तरह की परेशानी हो तो उसे तुरंत अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए। रात के समय एक्स-रे टेक्नीशियन उपलब्ध न होने की शिकायत पर उन्होंने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कहा कि दिन हो या रात, मरीजों को हर जरूरी चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।

जल्द बनेगा 500 बेड का Super Specialty Hospital
निरीक्षण के बाद डिप्टी सीएम ने बताया कि मंडलीय अस्पताल परिसर में जल्द 500 बेड का नया Super Specialty Hospital बनाया जाएगा। इसके लिए अस्पताल से जुड़ी कई सेवाओं को एमसीएच विंग में शिफ्ट किया जाएगा ताकि निर्माण कार्य बिना बाधा के पूरा हो सके और मरीजों को भी परेशानी न हो।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने, हर 15 दिन में समीक्षा बैठक करने और प्रगति रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए।
ICU बेड बढ़ेंगे, 50 बेड का Critical Care Block भी बनेगा
ब्रजेश पाठक ने बताया कि नई परियोजना पूरी होने के बाद अस्पताल में ICU बेड की संख्या बढ़ेगी और MRI जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इस परियोजना पर करीब 315.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने खाली पड़े पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए। साथ ही जिला अस्पताल में 50 बेड का Critical Care Block बनाने और मंडलीय अस्पताल में भी इसी तरह की सुविधा विकसित करने की बात कही। इसके अलावा सीएमओ को निर्देश दिया गया कि सभी पात्र लाभार्थियों के Ayushman Card हर हाल में बनवाए जाएं।






