Gorakhpur

सिपाही भर्ती : कड़ी तलाशी पर पानी फेरा…परीक्षा कक्ष तक ऐसे पहुंचा मोबाइल, अभ्यर्थी गिरफ्तार

परीक्षा शुरू होने के बाद संदिग्ध हरकतों से खुली पोल, केंद्र प्रशासन ने तलाशी लेकर बरामद किया मोबाइल, बिहार के नालंदा का रहने वाला है आरोपी, सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल समेत कई धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा, घटना के बाद जांच व्यवस्था पर भी सवाल उठे, पुलिस मोबाइल की जांच में जुटी

गोरखपुर, 9 जून 2026:

गोरखपुर में चल रही सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। मामला सामने आने के बाद परीक्षा केंद्रों पर की जा रही जांच व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। पकड़े गए युवक की पहचान बिहार के नालंदा जिले के अस्थावा थाना क्षेत्र स्थित बेलवरिया गांव निवासी रामप्रकाश चौहान के रूप में हुई है। वह यहां नीना थापा स्कूल में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने आया था।

जानकारी के मुताबिक परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की जांच की गई थी। इसके बावजूद रामप्रकाश मोबाइल फोन को अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा कक्ष तक पहुंचने में कामयाब हो गया। परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद उसकी गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं, जिस पर कक्ष निरीक्षकों की नजर गई।

केंद्र प्रशासन ने जांच कराई तो युवक के पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल मिलने के बाद उसे तत्काल परीक्षा से बाहर कर दिया गया। घटना के बाद यह सवाल भी उठने लगे कि कड़ी जांच के दावों के बीच मोबाइल फोन परीक्षा कक्ष तक कैसे पहुंच गया।

ये भी पढ़ें:

सूचना मिलने पर एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर उसके खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बरामद मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी किसी नकल गिरोह के संपर्क में था या उसने अपने स्तर पर परीक्षा में अनुचित लाभ लेने की कोशिश की थी। सिपाही भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  जनता दर्शन में सीएम का फरियादियों से सीधे संवाद, कहा... दबंग नहीं मालिक के पास हो जमीन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button