Gorakhpur

प्लेटफार्म पर 18 लाख से भरा बैग लेकर घूम रहा था यात्री, पुलिस ने दबोचा, हवाला एंगल खंगाल रही IT टीम

रकम देने वाला स्थानीय व्यक्ति भी जांच के दायरे में, रक्सौल बॉर्डर इलाके में है व्यापारी की दुकान, भाई नेपाल में करता है कारोबार, रकम के स्रोत पर आयकर विभाग की पूछताछ, हवाला नेटवर्क से कनेक्शन की भी जांच

गोरखपुर, 13 सितंबर 2026:

यूपी के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर तीन से जीआरपी-आरपीएफ की टीम ने बिहार के एक कारोबारी को 18 लाख रुपये कैश के साथ पकड़ा है। कारोबारी रकम से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। आयकर विभाग की टीम भी पहुंची, अब रकम के स्रोत से लेकर उसके इस्तेमाल तक की जांच की जा रही है।

इनपुट पर स्टेशन में शुरू हुई चेकिंग

शुक्रवार शाम करीब सात बजे जीआरपी को सूचना मिली कि एक युवक बैग में बड़ी रकम लेकर रेलवे स्टेशन से जाने वाला है। सूचना के बाद जीआरपी-आरपीएफ की टीम ने स्टेशन परिसर में चेकिंग शुरू की। प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर बैग लेकर घूम रहा युवक संदिग्ध लगा तो टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। बैग से 18 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पूर्वी चंपारण का रहने वाला है कारोबारी

पूछताछ में युवक की पहचान पूर्वी चंपारण के आदापुर क्षेत्र के विशुनपुरवा निवासी संजय कुमार गुप्ता (40) के रूप में हुई। पुलिस उसे हिरासत में लेकर जीआरपी थाने लाई। बरामद रकम को कब्जे में लेकर मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयकर विभाग के उपनिदेशक जांच, यूनिट गोरखपुर को दी गई।

ये भी पढ़ें:

बैंक रोड पर सतीश से रकम मिलने का दावा

पूछताछ में संजय ने बताया कि उसे बैंक रोड स्थित अग्रसेन तिराहे के पास सतीश उपाध्याय नाम के व्यक्ति से 18 लाख रुपये मिले थे। उसका कहना है कि वह रकम लेकर बिहार जा रहा था। पुलिस अब यह पता कर रही है कि सतीश ने उसे इतनी बड़ी रकम किस काम के लिए दी थी।

नेपाल कनेक्शन सामने आने से बढ़ी जांच

जांच के दौरान सामने आया कि संजय की रक्सौल बॉर्डर क्षेत्र में दुकान है। उसके भाई के नेपाल में कारोबार करने की जानकारी भी आयकर विभाग की पूछताछ में मिली है। इसी वजह से जांच टीम रकम के संभावित हवाला कनेक्शन को भी खंगाल रही है।

रकम देने वाले सतीश की भूमिका भी जांच में

पुलिस के मुताबिक रकम देने वाले बताए जा रहे सतीश उपाध्याय की भूमिका भी जांच के दायरे में है। फिलहाल सतीश के बारे में ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। बरामद 18 लाख रुपये मालखाने में रखे गए हैं। आयकर विभाग की टीम कारोबारी से पूछताछ कर रही है। रकम के स्रोत से जुड़े दस्तावेज, लेनदेन की जानकारी समेत नेपाल कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें  नीलगाय बनी हादसे की वजह, बोलेरो डिवाइडर से टकराई, तीन रिश्तेदारों की मौत

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link