NationalUttar Pradesh

सात फेरों से पहले बुर्ज खलीफा के पास फंसा यूपी का कपल, साथ में फैमली भी… जानें क्या है पूरा मामला

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उड़ान सेवाएं बाधित, चंदौली जिले के कपल समेत परिवार के पांच लोग फंसे, परिजनों ने प्रधानमंत्री मोदी से लगाई गुहार

चंदौली, 3 मार्च 2026 :

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार के पांच लोग शादी से पहले प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए दुबई गए थे, लेकिन पश्चिम एशिया में ईरान से जुड़े बढ़ते संघर्ष और तनाव के कारण उड़ान सेवाएं बाधित होने से वे सभी वहां फंस गए हैं और बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे हुए हैं। उनकी सुरक्षित वापसी के लिए परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है।

जानकारी के मुताबिक चंदौली के कोयला व्यापारी अजय जैन के बड़े बेटे प्रिंस की अप्रैल में शादी तय है। प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए प्रिंस अपनी मंगेतर पायल जैन के साथ दुबई गए थे। कपल के साथ प्रिंस का छोटा भाई अरिहंत जैन, पायल का भाई मोनू जैन और मोनू की पत्नी मुस्कान भी हैं। कुल मिलाकर दोनों परिवारों से पांच लोग 25 फरवरी को वाराणसी से दिल्ली होते हुए दुबई पहुंचे थे। उनकी वापसी 2 मार्च को निर्धारित थी। लेकिन ईरान-इजराइल संघर्ष और क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के कारण कई उड़ानें रद्द हो गईं। इससे उनकी वापसी नहीं हो पाई है।

परिवार ने दुबई में भारतीय दूतावास से संपर्क किया, लेकिन उन्हें केवल संबंधित एयरलाइंस से बात करने की सलाह मिली। एयरलाइंस से भी कोई स्पष्ट जानकारी या नई तारीख नहीं मिल पाई है। अजय जैन ने बताया कि सभी सदस्य फिलहाल सुरक्षित हैं और बुर्ज खलीफा के नजदीक एक होटल में ठहरे हैं, लेकिन उनके घर नहीं लौटने के कारण पूरा परिवार चिंतित है। परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से व्यक्तिगत अपील की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और वहां फंसे सभी लोगों की जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button