विकास गोंड
वाराणसी, 19 अप्रैल 2026:
काशी में अवैध गतिविधियों पर लगाम के दावों के बीच सुंदरपुर इलाके में देह व्यापार का मामला सामने आया है। चितईपुर थाना क्षेत्र में एसओजी टीम ने छापेमारी कर एक घर से दो युवतियों समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कमिश्नरेट के संवाद नंबर पर मिली गोपनीय सूचना में बताया गया था कि सन फ्लावर एकेडमी के पास एक मकान में अनैतिक काम चल रहा है। सूचना मिलने के बाद टीम ने प्लान बनाकर देर शाम दबिश दी और मकान को घेर लिया। कार्रवाई के दौरान चार युवक और दो युवतियां संदिग्ध हालत में मिले।
तलाशी में आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ। सभी से पूछताछ की जा रही है, साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों का सुराग जुटाया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि मकान का इस्तेमाल लंबे समय से इस काम के लिए हो रहा था। अब पुलिस मकान मालिक दीपक सिंह की भूमिका भी खंगाल रही है। संलिप्तता मिलने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है।
इस पूरे मामले के बाद स्थानीय खुफिया इकाई और बीट पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। इलाके में ऐसी गतिविधियां चलती रहीं। फिलहाल इस धरपकड़ के बाद सीओ भेलूपुर गौरव कुमार ने सूचनाओं पर एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं।






