Gorakhpur

दुष्कर्म के आरोपी ने मायके आई युवती से की छेड़खानी… परिजनों ने गला रेतकर शव नदी में फेंका

शादीशुदा युवती से संपर्क को लेकर दो पक्षों में कई दिनों से तनातनी चल रही थी। आरोप है कि रविवार रात युवक साथियों संग युवती के घर पहुंचा, मारपीट और तोड़फोड़ हुई। कुछ देर बाद युवक लापता हो गया, सोमवार सुबह बोरे में बंद उसका शव मिला

गोरखपुर, 26 मई 2026:

गोरखपुर के खजनी इलाके में शादीशुदा युवती से जुड़े विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। सहजनवा क्षेत्र के युवक आदित्य निषाद की हत्या कर शव आमी नदी किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने युवती पक्ष के 13 नामजद समेत 10 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।

सहजनवा थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव निवासी 24 वर्षीय आदित्य निषाद का ननिहाल खजनी के रुद्रपुर गांव में है। गांव वालों के मुताबिक आदित्य का ननिहाल की एक युवती से पहले से संपर्क था। युवती की 20 अप्रैल को शादी हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रहने की बात सामने आई।

आरोप है कि 17 मई को युवती मायके आई तो रास्ते में आदित्य ने उसका हाथ पकड़ लिया। इस मामले में 21 मई को खजनी थाने में उसके खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनातनी बढ़ गई थी।

रविवार रात आदित्य अपने कुछ साथियों के साथ रुद्रपुर गांव पहुंचा। आरोप है कि वहां युवती के घर में घुसकर मारपीट की गई। महिलाओं से हाथापाई हुई और टीवी, फ्रिज समेत घरेलू सामान तोड़ दिए गए। घटना में दो महिलाएं घायल हो गईं। शोर सुनकर गांव वाले जुटे तो आदित्य के साथ आए लोग मौके से भाग निकले।

बताया जा रहा है कि युवती पक्ष के लोगों ने पीछा कर कटघर चौराहे के पास आदित्य को पकड़ लिया। उसकी बाइक में आग लगा दी गई। रात में पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक युवक को जबरन अपने साथ ले गए हैं। पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह सहजनवा क्षेत्र के भरसांड़ स्थित आमी नदी पुल के नीचे बोरे में बंद शव मिला। हाथ-पैर बंधे थे और गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले। पहचान आदित्य निषाद के रूप में हुई। पुलिस ने आदित्य की मां संजू देवी की तहरीर पर हत्या, बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button