Gorakhpur

iPhone, ब्रांडेड कपड़ों के शौक में बन गईं चोर… दो सेल्सगर्ल ने उड़ाए 45 लाख के गहने, ऐसे खुला राज

कई साल से कर रहीं थीं नौकरी, इस दौरान सिक्योरिटी सिस्टम की कमजोरियां समझीं, असली गहनों की जगह नकली रखकर चोरी को छिपाती रहीं, नेपाल में गहने बेचकर ब्रांडेड सामान और महंगे मोबाइल खरीदने की बात कबूली, सामान्य परिवार की लड़कियां जीतीं थी लग्जरी लाइफ

गोरखपुर, 16 जून 2026:

गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित सान्वी ज्वेलर्स में करीब 45 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में शोरूम में काम करने वाली दो महिला सेल्सकर्मियों मुस्कान गुप्ता और नगमा खातून को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9.50 लाख रुपये नकद और करीब 25.50 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।

मुस्कान व नगमा लंबे समय से शोरूम में काम कर रही थीं। मुस्कान पिछले सात साल से जबकि नगमा करीब ढाई साल से दुकान में सेल्सगर्ल के तौर पर तैनात थी। नौकरी के दौरान उन्होंने शोरूम और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से समझ लिया था। उन्हें पता था कि किन हिस्सों पर सीसीटीवी कैमरों की सीधी निगरानी नहीं रहती। इसी का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी स्ट्रांग रूम से सोने और हीरे के कीमती गहने निकाल लेती थीं। उनकी जगह उसी डिजाइन के नकली आभूषण रख दिए जाते थे, जिससे लंबे समय तक किसी को शक नहीं हुआ। चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, टॉप्स समेत कई महंगे गहनों को इसी तरीके से बदला गया। कई गहनों में लगे लटकनों को भी निकाल लिया जाता था ताकि पहली नजर में कमी दिखाई न दे।

ये भी पढ़ें:

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए गहनों को नेपाल में बेच दिया जाता था। वहां से मिले पैसों से नए गहने खरीदे जाते थे और शौक पूरे किए जाते थे। पुलिस के अनुसार दोनों सामान्य परिवारों से हैं, लेकिन ब्रांडेड कपड़ों, महंगे मोबाइल फोन और लग्जरी लाइफस्टाइल पर बड़ी रकम खर्च कर रही थीं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब सान्वी ज्वेलर्स के मालिक राजेश कुमार बलानी ने मार्च 2026 में वार्षिक स्टॉक ऑडिट कराया। ऑडिट के दौरान कई आभूषण संदिग्ध मिले। कैरेटोमीटर से जांच में कुछ गहनों की शुद्धता शून्य निकली, जबकि कई आभूषणों का वजन भी कम पाया गया। विस्तृत जांच में नकली गहने रखे जाने और कई लटकनों के गायब होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद राजेश बलानी की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर संजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

READ MORE

ये भी पढ़ें  किराना व्यापारी के घर में घुसे बदमाशों को पुलिस ने सिखाया सबक...पैर में गोली मारकर दो को दबोचा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link